अयोध्या। शासन द्वारा प्रदेश में लॉकडाउन खत्म करने के बाद कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट व प्रभारी सीओ सिटी ने शहर के चौक इलाके का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को दुकान पर भीड़ न लगाने, सोशल डिस्टेंस का पालन करने व मास्क लगाकर कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं, इस दौरान नियमों का पालन न करने पर तीन दुकानों को सील कर दिया गया।
बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रकाश सिंह, प्रभारी सीओ सिटी अमर सिंह, चौकी चौक प्रभारी यशवंत द्विवेदी ने पुलिस व पीएसी बल के साथ चौक इलाके का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की नसीहत दी।
वहीं अधिकारियों ने इलाके की भारत टेडर्स, राजरानी टेडर्स व भारत इलेक्ट्रानिक दुकान को भीड़ लगाने, सोशल डिस्टेंस का पालन न करने पर सील कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों से अपील की कि दुकान पर भीड़ न एकत्र करें। सोशल डिस्टेंस का पालन करें व मास्क लगाकर ही कार्य करें। कहा कि शासन के निर्देश पर सप्ताह के सभी दिन सभी दुकानें खुलेगी, गुरुवार को साप्ताहिक बंदी होगी।