खंडासा। पावर कॉर्पोरेशन की टीम को बुधवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में 11 घरों में बिजली की चोरी पकड़ी। बकाया भुगतान की अदायगी न करने पर कॉर्पोरेशन ने पहले इनके कनेक्शन काट दिए गए थे। लेकिन इन्होंने दोबारा कनेक्शन जोड़ लिया था।
पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता एके शुक्ला और उपखंड अधिकारी कुमारगंज संतोष कुमार के निर्देश पर सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता ने बड़े बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे दिए थे। लेकिन, बकाया भुगतान की अदायगी किए बिना इनके द्वारा दोबारा कनेक्शन जोड़ लिया गया।
जबकि ताजपुर में सात उपभोक्ताओं पर भारी भरकम बिजली बिल बकाया है। इसी प्रकार खंडासा में चार उपभोक्ताओं पर भी लाखों की बकायेदारी है। इन सभी उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पहले काट दिए गए थे, लेकिन इनके घरों में कनेक्शन जुड़ा पाया। अवर अभियंता आनंद प्रकाश ने बताया कि 11 लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 बी के तहत खंडासा थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष खंडासा संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।