अयोध्या। शहर में एक बार फिर से सब्जियों के दाम में तेजी से इजाफा होना शुरू हो गया है। शहर की दोनों मंडियों में फुटकर खरीदारों की तादाद में बढ़ी है।
सामान्य तौर पर खराब न होने वाली सब्जियां लोग अधिक मात्रा में खरीद रहे हैं। इस सबके पीछे कारण अनहोनी की आशंका बताई जा रही है। शहरवासी फैसले के मद्देनजर सब्जियां एकत्रित कर रहे हैं।
इससे फुटकर सब्जियों के दाम में तेजी आई है। प्याज का रेट एक बार फिर से फुटकर मंडी में 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। टमाटर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। हरी मिर्च व अदरक के दाम भी चढ़े हैं।
मंडलीय मंडी में 10 से 5 किलो के फुटकर खरीदारों की संख्या पिछले दो-दिनों से बढ़ी है। हालांकि इससे मूल्य में कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ने वाला है लेकिन शहर के सब्जियों के फुटकर दुकानदार इसका लाभ उठा रहे हैं।
गुरुवार को मंडी में प्याज का रेट 60 रुपये प्रति किलो रहा लेकिन फुटकर मंडी में यह 80 रुपये तक बिकी। यही हाल लहसुन व आलू का भी है।
मंडलीय मंडी में आलू 12 रुपये व लहसन 120 रुपये प्रति किलो तो शहर की फुटकर मंडी में आलू 20 रुपये व लहसन 200 रुपये प्रति किलो तक बिका। इसके साथ ही मंडलीय मंडी से 40 रुपये बिका। टमाटर शहर की फुटकर मंडी में 60 रुपये तक बिका। यही हाल हरी सब्जियों का भी रहा।
सामान्य तौर पर कद्दू प्रजाति की सब्जियां मंडी में 20 में खरीदकर फुटकर दुकानदारों ने 40 रुपये में बेची। मंडलीय मंडी के प्याज के आढ़ती चुन्नन बताते हैं कि सब्जियों में मूल्य वृद्धि कम पैदावार है। हालांकि जो जरूरत से अधिक मंहगी सब्जियां बिक रहीं हैं। इसके लिए फुटकर दुकानदार जिम्मेदार हैं।
वह बताते हैं कि मंडी में पिछले दो-तीन दिनों में 5 से 10 किलो की खरीद करने वाले लोगों की आमद पहले के सापेक्ष बढ़ी है। दूसरी ओर टमाटर के आढ़ती बताते हैं मूल्य बढ़ने का कारण बाहर से ही महंगे टमाटर आना है। वह भी यह मानते हैं कि पिछले बाजार से फुटकर खरीदार कुछ अधिक आए हैं।