अयोध्या। दीपोत्सव में इस बार सरयू तट पर ढाई लाख दीप जगमगाएंगे। अयोध्या के साथ ही इर्द-गिर्द के धार्मिक स्थलों को भी प्रकाशमय किया जाएगा।
सरयू तट स्थित राम की पैड़ी पर भगवान श्री राम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को फाउंटेन शो के जरिए दिखाया जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने दीपोत्सव-2019 को भव्य बनाए जाने को लेकर बैठक कर संबंधित विभागों को निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में डीएम ने बताया कि इस बार दीपोत्सव कार्यक्रम में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्व विद्यालय के सहयोग से 2 लाख 50 हजार दीपक अयोध्या में अपनी छटा बिखेरेंगे।
अयोध्या के साथ-साथ धार्मिक नगरी अयोध्या के आसपास के धार्मिक स्थलों को भी दीपक के माध्यम से प्रकाशमय किया जाएगा। उन्होंने ऐसे स्थलों के लिए कार्ययोजना तैयार करने कहा।
डीएम ने पर्यटन अधिकारी से कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्व विद्यालय व दीया बनाने वाले कुम्हारों से संपर्क कर दीया, तेल, बाती सहित पर आने वाले व्यय आगणन तैयार कराएं।
राम की पैड़ी पर भगवान राम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित वाटर शो फाउंटेन शो का आयोजन होगा। उन्होंने सिंचाई विभाग के अफसर को निर्देश दिया कि दीपोत्सव कार्यक्रम के 15 दिन पूर्व राम की पैड़ी में स्वच्छ जल प्रवाह की समुचित व्यवस्था कराई जाए।
दीपोत्सव में पहले की तरह भगवान श्रीराम व माता सीता के स्वरूप का हेलीकॉप्टर से आगमन होगा। रामकथा पार्क में प्रतीकात्मक राज्याभिषेक और राज्याभिषेक के समय हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी होगी। इसकी सभी तैयारियों के लिए क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी लोक निर्माण विभाग व अपर जिलाधिकारी नगर से कहा गया है।
बताया कि दीपोत्सव कार्यक्रम में मां सरयू की आरती भी पहले की तरह होगी। रामकथा पार्क में अंतर्राष्ट्रीय रामलीलाओं के मंचन का आनंद स्थानीय जनता उठा सकेगी।
डीएम ने उप सूचना निदेशक डॉ. मुरलीधर सिंह से कहा कि दीपोत्सव कार्यक्रम में कामता प्रसाद सुंदर लाल साकेत महाविद्यालय से सजीव झांकिया निकाली जाएंगी।
इसके लिए सूचना निदेशक के माध्यम से संस्था को नामित कराने के साथ बिना डाले वाले ट्रकों के किराए व डीजल आदि का आगणन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी से कराकर आने वाले व्यय का प्रस्ताव बनाकर उनकी ओर से सूचना निदेशक को भेजवाएं। ताकि समय से बजट प्राप्त हो जाए।