डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विवि के मंगलवार को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार दोपहर विवि में दीक्षांत समारोह का फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुआ। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने फोर्स की तैनाती से लेकर सुरक्षा व्यवस्था के अन्य सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति रामनाईक मंगलवार सुबह 10:45 बजे अवध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। इसी के साथ 20वां दीक्षांत समारोह का मुख्य कार्यक्रम प्रारंभ होगा। समारोह में 2014-15 सत्र में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम प्रयास में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 88 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक के साथ-साथ 390 शोध छात्रों, चार डी-लिट छात्रों सहित परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लगभग 450 स्टूडेंट्स को उपाधि प्रदान की जाएगी।
समारोह में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रोफेसर पद्मश्री वाईएस राजन व काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। भारतीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद बंगलूरू के अध्यक्ष प्रो. डीपी सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता कुलाधिपति रामनाईक करेंगे।
कुलपति प्रो. जीसीआर जायसवाल की उपस्थिति में सोमवार को अपराह्न तीन बजे से विवि में दीक्षांत समारोह का फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुआ। इसमें विवि के अधिकारी, शिक्षक, कार्य परिषद व विद्या परिषद के सदस्यों के साथ ही छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।