गोसाईगंज (अयोध्या)। कस्बे में लगे एटीएम सेंटरों पर होने वाली हेराफेरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस की निष्क्रियता से जालसाजों का गिरोह सक्रिय है। गोसाईगंज कस्बे के मुख्य मार्ग पर कटरा मोहल्ला स्थित सेंट्रल बैंक के एटीएम सेंटर पर कार्ड बदलकर 45 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थानाक्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर सोनावा निवासी विजय शंकर ने आरोप लगाया गया कि वह शनिवार को सेंट्रल बैंक के एटीएम पर अपना पैसा निकालने गया था, इस बीच कुछ लोगों ने मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और 45 हजार रुपये निकाल लिया।
मामले की शिकायत जब उसने शाखा प्रबंधक से की तो पता चला कि जालसाजों ने जो एटीएम कार्ड उसके हाथ में सौंपा है, वह गोरखपुर जिले के सहजनवा तहसील अंतर्गत धनखड़ निवासी भुनेश्वरी के नाम से जारी हुआ है।