अयोध्या। उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अयोध्या के अशोक यादव 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अयोध्या जनपद के राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने।
पदक जीतकर अयोध्या लौटने के बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय विद्यालय क्रीड़ा संस्थान स्पोर्ट्स स्टेडियम मकबरा में उनके साथियों ने शानदार स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय क्रीड़ा समिति से संबद्ध रूद्र अकादमी के प्रशिक्षक रोहित त्रिपाठी और स्टेडियम के प्रशिक्षकों ने अशोक को सम्मानित किया।
पैरा एथलेटिक्स में देश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले अशोक अयोध्या जनपद के पहले खिलाड़ी हैं। अशोक शिक्षा विभाग के स्पोर्ट्स स्टेडियम में विद्यालय क्रीड़ा समिति के संयोजन में संचालित एथलेटिक्स अकादमी मकबरा में कोच रोहित त्रिपाठी की देखरेख में अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय प्रशिक्षक रोहित और परिवार को दिया है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यालय क्रीड़ा संस्थान के प्रभारी प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र पाल, विद्यालय क्रिकेट अकादमी के प्रशिक्षक उत्तम कुमार, ताइक्वांडो प्रशिक्षक अश्वनी पाल, फुटबॉल प्रशिक्षक राजीव यादव, बॉक्सिंग प्रशिक्षक संजय हेला, टेबल टेनिस प्रशिक्षक आशुतोष त्रिपाठी, बैडमिंटन प्रशिक्षक रमेश चंद्र यादव, क्रिकेट इंचार्ज दुर्गा प्रसाद व मैदान प्रभारी श्याम समेत अन्य ने बधाई दी।