फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि देश ने हमें क्या दिया, बल्कि चिंतन करें कि हम देश को क्या दे सकते हैं। जिस तरह देश को आजाद कराने का हर क्षण सपना देखते हुए वतन के रखवालों ने हंसते हुए जान कुर्बान कर दी, हमें भी देश के लिए कुछ कर गुजरने की सीख उनसे लेनी चाहिए।
वे मंगलवार को अशफाक उल्लाह खां शहीद शोध संस्थान की ओर से जेल परिसर स्थित शहादत स्थल पर आयोजित माटी रतन सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अशफाक उल्ला खां महज एक शख्सियत नहीं थे, बल्कि वे बड़े देश प्रेमी व शायर भी थे। उन्होंने कहा कि वे ही एकमात्र खुशनसीब ऐक्टर रहे, जिसे 25 वर्ष पूर्व ‘कहां गए वो लोग’ फिल्म में अशफाक उल्ला खां का किरदार निभाने का मौका मिला था।
जो जगह उनकी इस दिल में है, उसे अल्फाज से बयां नहीं कर सकते। कहा कि दस वर्ष पूर्व फैजाबाद दौरा हुआ था, तभी फैजाबाद का वह स्थल देखने की मुराद थी, जहां पर आजादी के दीवाने व वतन परस्त इंसान ने आखिरी सांस ली थी। यह मुराद आज पूरी हो गई।
उन्होंने कि इस स्थल को महज एक जेल न समझा जाए बल्कि इसे शहीद स्थल की दृष्टि से देखा जाए। इसे प्रतिदिन खोला जाए ताकि नई पीढ़ी यहां आजादी को पाने में मिले दर्द को समझ सके। कार्यक्रम को अशफाक उल्ला खां के पोते शादाब उल्ला खां, संस्थान के प्रबंध निदेशक सूर्यकांत पांडेय, पूर्व राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय, राजेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. संजय तिवारी, दानबहादुर सिंह, केके मिश्रा पप्पू आदि ने संबोधित किया।
नरेश, अब्बास रजा व एसएन शुक्ला को मिला माटी रतन
काकोरी कांड के नायक अशफाक उल्लाह खां की शहादत दिवस पर मंगलवार को मंडल कारागार और उसके आसपास शहीदी जज्बे की बयार बह उठी। कार्यक्रम में ख्यातिलब्ध साहित्यकार व कवि नरेश सक्सेना, शायर व लखनऊ विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अब्बास रजा नैय्यर व डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के भौतिकी व इलेक्ट्रॉनिक्स के हेड प्रो. एसएन शुक्ला माटी रतन सम्मान से नवाजे गए।
मेधावियों को किया गया सम्मानित
शहादत स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में आदर्श इंटर कॉलेज के विशाल प्रथम, उदया पब्लिक स्कूल के प्रवीण कुमार द्वितीय व कनौसा कान्वेंट की छात्रा हिमांशी त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहीं।
गीता पांडेय स्मृति निबंध प्रतियोगिता में कनौसा की श्वेता ओझा प्रथम, एसएसएसवी इंटर कॉलेज के अभिषेक राव द्वितीय व यहीं के छात्र अनुराग मौर्य तृतीय स्थान पर रहे। शांती सिंह स्मारक समिति की ओर से मूकबधिक विद्यालय के छात्र अनूप, यतीमखाना के हसीब व गुरुकुल के दिनेश को पुरस्कृत किया गया।
बिना फिल्म देखे विरोध ठीक नहीं : रजा मुराद
फैजाबाद। अभिनेता रजा मुराद ने पद्मावती फिल्म के विरोध मामले पर कहा कि बिना फिल्म देखे विरोध ठीक नहीं। फिल्म देखकर जनता को फैसला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को दोनों पक्षों को मानना चाहिए। मामले का हल निकलने का एकमात्र जरिया सुप्रीम कोर्ट का फैसला ही है लेकिन सबको एक प्लेटफार्म पर लाना थोड़ा मुश्किल है।