देश के नेतृत्व में महिलाएं जब आगे आएंगी तभी देश तरक्की करेगा क्योंकि महिलाएं सृष्टि की मेरुदंड है। देश व समाज के निर्माण में मातृशक्ति का अहम योगदान है।
उक्त उद्गार केंद्रीय सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्री कलराज मिश्र ने सोमवार को महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गद्दौपुर में आयोजित ग्रामर्षि महिला सम्मान समारोह के दौरान व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि माताएं हमेशा विशाल हृदय रखती हैं। उसके बगैर समाज की कल्पना बेमानी है। उन्होंने सांसद हरिओम पांडेय को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि महिला सम्मान समारोह आयोजित करके इन्होंने प्रधानमंत्री जी की सोच को उजागर करने का काम किया है।
श्री मिश्र ने महिलाओं की तुलना मां सरस्वती, लक्ष्मी, व मां दुर्गा से किया। कहा कि प्राचीन काल से ही मातृशक्ति ने नेतृत्व प्रदान किया है। मिश्र ने महिला सांसद अंजू बाला मिश्रित व नीलम सोनकर लालगंज को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
साथ ही कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए लीलावती सिंह पानी संस्थान, बिंदू प्रतापगढ़, गौरी आजमगढ़, बदला जौनपुर, आइसा खातून, शिक्षा क्षेत्र में गीता राय, मंजू गुप्ता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि ने महिला महाविद्यालय की पुस्तक ग्रामर्षि सुधा का विमोचन भी किया। समारोह में महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम व समाज सुधार पर नाटक की प्रस्तुति की।
समारोह की अध्यक्षता बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की प्रो. डा. गीता राय व संचालन संजय वर्मा व सारा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में सांसद हरिओम पाण्डेय ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर एमएलसी पद के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पांडेय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबेडकरनगर भारती सिंह, दिनेश पांडेय, प्रो. गुरूसहाय त्रिपाठी, डॉ. राकेश चंद्र तिवारी, शेखर जायसवाल, अजय तिवारी मौजूद रहे।