महराजगंज थाना क्षेत्र में अंबेडकरनगर-फैजाबाद मार्ग पर गुरुवार की सुबह एंबुलेंस और जीप में भीषण टक्कर हो गई। इसमें एंबुलेंस सवार एक मासूम की मौत हो गई, जबकि 11 लोेग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां से चार घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
लखनऊ मेडिकल कॉलेज से मऊ जा रही एक एंबुलेंस की सुबह करीब नौ बजे समंथा गांव के पास जीप से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शोर सुन आसपास के घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए।
सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक एंबुलेंस में सवार श्रीप्रकाश (3) निवासी उसरा करौली दोहरीघाट जिला मऊ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा एंबुलेंस में सवार बच्चे की मां शीला, पिता दयानंद, राजमंगल निवासी छपरा धूसर जिला मऊ, श्रीकांत तिवारी व चालक कामेश्वर सिंह निवासी छोटकी सराय बांसडीह घायल हुए हैं।
जबकि जीप सवार सेवाराम (19) निवासी बेलावलपुर जाफरगंज जिला अंबेडकरनगर, भरतराम वर्मा (56) निवासी बंदनपुर चोराडी थाना गोसाईंगंज, मुन्ना यादव (35) निवासी सलारपुर, चालक राकेश (35) निवासी हरीपुर जलालाबाद फैजाबाद व ओंकारनाथ गुप्ता (56) गोसाईंगंज जख्मी हो गए।
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को सीएचसी मयाबाजार पहुंचाया। जहां से एंबुलेंस चालक कामेश्वर व जीप चालक राकेश, मुन्ना व राजमंगल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिवारीजनों के आग्रह पर बच्ची का शव बगैर पोस्टमार्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि दयानंद का परिवार बच्चे का लखनऊ मेेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर एंबुलेंस से लौट रहा था।