साकेत महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव-2015-16 में मंगलवार को चुनाव में आलोक सिंह (923) अध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर अनीस गुप्त (894), महामंत्री पद पर अनुज श्रीवास्तव (1280) और उपमंत्री पद पर विनय प्रकाश सिंह (1344) विजयी रहे।
चुनाव में 8432 मतदाताओं मेें सिर्फ 3190 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान व मतगणना के दौरान कॉलेज परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
छात्रसंघ चुनाव में मतदान सुबह नौ बजे से आरंभ हो गया लेकिन शुरूआती दो घंटे तक मतदान हल्का रहा। मात्र 10 फीसदी मतदाता ही मत डालने पहुंचे थे। पूर्वाह्न 11 बजे से मतदान में तेजी आई तो दोपहर 2 बजे तक 3190 छात्र-छात्राओं ने 37.83 फीसदी मत डाले।
दोपहर ढाई बजे से मतगणना आरंभ हुई तो शाम छह बजते-बजते परिणामों की घोषणा शुरू हो गई। देर शाम तीन चक्रों में हुई मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर आलोक सिंह, उपाध्यक्ष पद पर अनीश गुप्त, महामंत्री पद पर अनुज श्रीवास्तव व उपमंत्री पद पर विनय प्रकाश सिंह निर्वाचित घोषित किए गए।
प्राचार्य डा. प्रदीप खरे, चुनाव अधिकारी डा. एसपी सिंह, एसपी सिटी आरएस गौतम, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट डा. संतोष, सीओ अयोध्या दिनेश द्विवेदी, कोतवाल आरएस कमल, थानाध्यक्ष रामजन्मभूमि नरेंद्र सिंह मतदान व मतगणना के दौरान परिसर व आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते रहे।
मतदान व मतगणना के दौरान दिन भर टेढ़ीबाजार व रानोपाली क्रॉसिंग के पास बैरियर लगाकर यातायात डायवर्ट रहा। चुनाव के मद्देनजर कॉलेज के सामने से गुजर रही रेलवे लाइन पर भी ट्रेनों का संचालन शांतिपूर्वक बनाए रखने के लिए रेल लाइनों पर भी कदम-कदम पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रही।