स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि लखनऊ में शुक्रवार को इस अस्पताल का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके पहले 24 घंटे के भीतर अस्पताल व परिसर को चकाचक कर सभी चिकित्सकीय सेवाएं व तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच अस्पताल परिसर में उगी झाड़ियों को सफाई कार्य शुरू हो गया है। स्वास्थ्य सचिव ने बुधवार को सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर दर्शननगर अस्पताल शुरू किए जाने के सिलसिले में आवश्यक जानकारियां हासिल की।
प्रस्तावित कार्ययोजना के मुताबिक दर्शन नगर स्थित 300 बेड के अस्पताल का शुक्रवार को मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोकार्पण करेंगे।
इसके पूर्व अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को चाक चौबंद किया जा रहा है। अस्पताल में अभी भी दो सौ बेड का निर्माण किया जाना बाकी है। फौरी तौर पर सुपर स्पेशिलियटी अस्पताल को महज सौ बेड से शुरू किया जाएगा।
अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था पर जोर दिया गया। टोटी से पानी गिर कर फर्र्श पर फैल रहा था। जिस पर स्वास्थ्य सचिव ने दुरुस्त कराने का सख्त निर्देश दिए।
शाम के समय स्वास्थ्य सचिव ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का जायजा लिया। मरीजों का दुख-दर्द जाना। मरीजों ने बताया कि सभी दवाएं अस्पताल से दी जा रही है।
महिला अस्पताल में दवाओं की कमी का मुद्दा उभर कर सामने आया। वार्ड में मरीजों की संख्या कमी पर चिंता जताई। उन्होंने जिला महिला अस्पताल में और मरीजों को भर्ती किए जाने का नसीहत दी।
इस मौके पर जिलाधिकारी अनिल ढींगरा, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. एचएन तिवारी प्रमुख अधीक्षक डॉ. एसी तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राधेश्याम यादव, श्रीराम चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. रंगजी द्विवेदी, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. नीरजामाला आदि मौजूद रहीं।