अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में रविवार को व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग एवं ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बीच अनुबंध किया गया। विश्वविद्यालय की तरफ से अनुबंध पर कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह व ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ट्राई) के प्रतिनिधि और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड चैप्टर के चेयरमैन सुनील सत्य वक्ता ने हस्ताक्षर किए।
व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग के अध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि इस अनुबंध के द्वारा व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग के एमबीए टूरिज्म मैनेजमेंट एवं एमबीए हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के छात्रों को रोजगार एवं औद्योगिक प्रशिक्षण प्रदान कराया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने ट्राई के सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
कहा कि आपकी संस्था के सहयोग से एमबीए टूरिज्म मैनेजमेंट एवं एमबीए हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के छात्रों को रोजगार प्राप्त होगा। यह विश्वविद्यालय के लिए एक सुखद संदेश है। ट्राई के प्रतिनिधि सुनील सत्य वक्ता से कहा कि आपकी संस्था के साथ मिलकर विभाग दिन प्रतिदिन छात्रों को रोजगारपरक बनाने का कार्य करता रहेगा। अनुबंध के मौके पर प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, डॉ. राना रोहित सिंह, डॉ. आशुतोष पांडेय, डॉ. निमिष मिश्र, डॉ. दीपा सिंह, डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ. रामजी सिंह, डॉ. विवेक उपाध्याय सहित अन्य उपस्थित रहे।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह के दिशा-निर्देशन में नैक मूल्यांकन के दृष्टिगत रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परिसर के विभिन्न विभागों में स्वैच्छिक श्रमदान एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने परिसर के दीक्षा भवन से लेकर विश्वविद्यालय के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक का भ्रमण कर साफ-सफाई की जानकारी प्राप्त की। कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में नैक की टीम मार्च के प्रथम सप्ताह में आनी है। इस दृष्टिगत परिसर एवं विभागों को साफ सुथरा बनाये रखने के लिए इस मुहिम को चलाया जा रहा है।