शुक्रवार को फतेहगंज में नमक की अफवाह के चलते खरीदारी के लिए जमा लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के कई इलाकों में शुक्रवार देर रात अचानक नमक के मंहगे होने की अफवाह फैली तो हलचल मच गई। थोक बाजार फतेहगंज में नमक लूटने की कोशिश हुई। मौके पर प्रशासन के अधिकारी पहुंचे तो लोग भाग खड़े हुए। अफवाह किसने फैलाई? इसका कोई सुराग नहीं मिला है। कुछ ग्रामीण इलाकों में भी नमक को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी मची रही।
शहर में कई जगह नमक के महंगे होने की अफवाह फैली तो देर रात तमाम लोग नमक खरीदने उमड़ने लगे। देखते ही देखते चौक पर कई बोरी नमक बिक गया। इसी बीच नगर कोतवाली के थोक बाजार फतेहगंज में कुछ लोग अचानक एक थोक व्यापारी की दुकान के बाहर रखे नमक के बोरे को लूटने लगे।
व्यापारी के शोर मचाने पर लोग लड़ने पर उतारू हो गए। उनका कहना था कि नमक दो से ढाई सौ रुपये किलो हो गया है, नमक की किल्लत होने वाली है। व्यापारी की सूचना पर सीओ सिटी एके उपाध्याय मौके पर पहुंचे, तक नमक छीनने वाले भाग खड़े हुए।
मौके से दो से तीन बोरी नमक गायब बताया जा रहा है। जिलाधिकारी विवेक ने बताया कि जिले में नमक की कोई किल्लत नहीं होने वाली है। कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं। यह अफवाह सिर्फ एक जगह नगर कोतवाली के फतेहगंज में फैली, तो तत्काल पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की गई है।