अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामभक्तों के लिए सुविधाएं विकसित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रामलला के दर्शनमार्ग पर भक्तों के लिए कारपेट बिछाई गई है।
रामनवमी के बाद से भक्त रामलला के दरबार में नंगे पांव दर्शन कर सकेंगे। ट्रस्ट इसके लिए अमांवा मंदिर में बड़ी संख्या में अमानतीघर बनवा रहा हैं। जहां श्रद्धालु निशुल्क अपना सामान जमा कर सकेंगे। साथ ही जूता-चप्पल उतारने के लिए भी यहां व्यवस्था बनाई जा रही है।
रामलला के टेंट से बाहर निकलकर अस्थाई मंदिर में विराजमान हुए 25 मार्च को एक साल पूरे हो जाएंगे। इस बीच रामलला के दर्शन से लेकर अन्य कई व्यवस्थाओं में परिवर्तन हुआ है।
इसी के तहत अब रामनवमी के बाद से भक्त नंगे पांव रामलला का दर्शन कर पाएंगे। स्थानीय साधु-संतों की यह मांग रही है कि भक्त रामलला के दर्शन नंगे पांव कर सकें ऐसी व्यवस्था की जाए।
‘अमर उजाला’ ने इस विषय को प्रमुखता से उठाया भी था। जिसके बाद अब ट्रस्ट ने इसकी व्यवस्था शुरू कर दी है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि अब श्रद्धालु नंगे पांव परिसर में प्रवेश कर रामलला का दर्शन कर सकेंगे।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए दर्शन मार्ग के प्रवेश से लेकर निकास मार्ग तक कारपेट बिछाये जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे श्रद्धालुओं के पैरों में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
कहा कि रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को लेकर एक नई व्यवस्था बनाई जा रही है। जिसके तहत जूता-चप्पल व सामान रखने की व्यवस्था अमावा मंदिर में बनाई जाएगी।
जहां से नंगे पांव श्रीराम जन्मभूमि परिसर के अंदर प्रवेश कर रामलला का दर्शन भक्त कर सकेंगे। श्रीरामजन्मभूमि दर्शनमार्ग पर अब रामभक्तों को एटीएम की भी सुविधा मिलेगी।
एक्सिस बैंक के एटीएम का उद्घाटन बुधवार को ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र, महंत दिनेंद्र दास और बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र द्वारा किया गया। डॉ. अनिल ने बताया कि रामलला के प्रतिदिन बढ़ते भक्तों को एटीएम की आवश्यकता महसूस होने लगी थी।
जिसको मद्देनजर रखते हुए एक्सिस बैंक द्वारा एटीएम लगाया गया है। इस दौरान महंत शशिकांत दास, ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता, रीजनल हेड रामाकृष्णा, मधुप्रीत राय, शाखा प्रबंधक अजीत पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।
ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र ने बताया कि अभी भक्तों को प्रसाद ले जाने की सुविधा मिलने में थोड़ा समय लगेगा। बताया कि चूंकि सुरक्षा कारणों के चलते अभी रामलला के दरबार में प्रसाद ले जाने की अनुमति नहीं है।
इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियों व ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की जा रही है। उम्मीद है कि सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही भक्तों को प्रसाद भी ले जाने की अनुमति मिल पाएगी।