अयोध्या। प्रवेश प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों के बाद चेता साकेत महाविद्यालय प्रशासन इस बार दाखिले की पूरी प्रक्रिया को ऑन लाइन व्यवस्था के तहत पूरा करा रहा है। इससे आवेदन के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रवेश फीस व फार्म जमा करने के लिए काउंटर पर लंबी लाइन में लगने की परेशानी से भी छुटकारा मिला है। महाविद्यालय में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पांच मई से शुरू हुई है।
प्रवेश प्रक्रिया के पर्यवेक्षक डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि विद्यार्थियों को परेशानी से बचाने व प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑन लाइन व्यवस्था को अमल में लाया गया है। इससे छात्र-छात्राओं को अब प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए अब महाविद्यालय नहीं आना पड़ेगा। वह अपना प्रवेश शुल्क ऑनलाइन सिस्टम के तहत सीधे जमा कर सकते हैं। इस बार प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए संचालित काउंटर व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
डॉ. आशुतोष ने बताया कि एडमिशन का पोर्टल अभी खुला रहेगा। अभी यूपीबोर्ड का ही परिणाम आया है, सीबीएसई व आईसीएससी बोर्ड का परिणाम घोषित होने के करीब 15 दिन बाद तक प्रवेश के लिए आवेदन करने वाला महाविद्यालय का पोर्टल खुला रहेगा। ऐसे में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को कोई भी परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी।