घटिया ईंट देख चढ़ा ब्लॉक प्रमुख का पारा, ठेकेदार को लगाई फटकार।
- फोटो : FAIZABAD
मवई। ब्लॉक परिसर मवई में निर्माणाधीन हाईटेक कृषि कल्याण केंद्र में लगाई गई घटिया ईंट देख मवई ब्लाक प्रमुख राजीव तिवारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई व निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए जिला कृषि अधिकारी और निर्माण एजेंसी पैक्सपेड के जेई से गुणवत्ता चेक करने का निर्देश दिया।
मवई ब्लॉक परिसर में करीब 81 लाख की लागत से राष्ट्रीय कृषि विकास योजनांतर्गत कंस्ट्रक्शन आफ मल्टीपर्पज सीड स्टोर एंड टेक्नोलॉजी डिसिमिनेशन सेंटर का निर्माण पैक्सपेड एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। कृषि कल्याण केंद्र का अब तक करीब 25 फीसदी निर्माण कार्य हो भी चुका है। मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख मवई राजीव कुमार तिवारी ब्लॉक पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान दीवार में लगाई गईं ईंटों की गुणवत्ता बहुत खराब होने पर प्रमुख भड़क गए, उन्होंने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई व चेतावनी दी कि यह ईंट कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जेई हिमांशु सिंह और जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह को फोन कर कार्य रोकवाने के निर्देश दिए।