जाना बाजार(अयोध्या)। थाना हैदरगंज के एक गांव में शादी से इन्कार करने पर एक युवक ने सोमवार देर रात घर में सो रही युवती पर तेजाब फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे लेकर सीएचसी रमवाकला गई जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां से भी गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना थाना हैदरगंज क्षेत्र के एक गांव की है। आरोपी युवक का युवती से विवाह तय हुआ था लेकिन उसकी बुरी आदतों का पता चलने पर युवती के घर वालों ने शादी से इंकार कर दिया था जिससे आरोपी नाराज था। उसने पहले भी घर में घुसकर हंगामा किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना पर आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी राजकरन नैय्यर, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर समेत अन्य अधिकारी पीड़िता के घर पहुंचे व जांच की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात पीड़िता अपने घर में सो रही थी। घर के दूसरे कमरे में उसकी भाभी और छत पर मां और बाहर परिवार के अन्य लोग सो रहे थे। रात लगभग 01:30 बजे राजकरण शर्मा निवासी राजा नाऊ का पूरा थाना पूरा कलंदर घर के पीछे की दीवार के सहारे घर में घुसा और कमरे में घुसकर सो रही 22 वर्षीय युवती के पर तेजाब डाल दिया। तेजाब युवती के चेहरे, सिर व सीने पर पड़ा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर घर वाले जागे, तब तक आरोपी वहां से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हैदरगंज प्रभारी मो. अरशद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को पहले सीएचसी फिर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी मो. अरशद ने बताया कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर राजा नाऊ का पूरा निवासी आरोपी राजकरण शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
................
आरोपी पीता था शराब, तभी शादी से किया था इन्कार
पीड़िता की भाभी व उसकी बड़ी बहनों ने बताया कि युवती की शादी पहले थाना क्षेत्र पूराकलंदर के राजा नाऊ का पूरा निवासी राजकरण शर्मा के साथ होने की चर्चा चल रही थी। जिसके चलते वह लड़की से फोन पर बात भी करता था। बाद में पता चला कि वह शराब भी पीता था। वह कभी-कभी शराब के नशे में पीड़िता के साथ परिवार वालों को भी भला बुरा कहता था। आरोपी की इस हरकत से लड़की के परिवार के लोगों ने उसके साथ शादी न करने का फैसला कर लिया। साथ ही उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। यह शादी 28 नवंबर 2023 को होना तय है। इससे आरोपी नाराज था। एक बार इससे पहले भी रात में घर पहुंचकर उसने हंगामा किया था। सोमवार रात उसने इस बड़ी घटना को अंजाम दे दिया।
...........................
दो दिन में न्यायालय में दाखिल की जाएगी चार्जशीट
एसएसपी राजकरन नैय्यर ने कहा कि युवती पर परिचित युवक ने सोमवार रात केमिकल डाला। सूचना मिलते ही तत्काल सभी अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवती को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया। वहां पर चिकित्सकों द्वारा उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। बताया कि थानाध्यक्ष हैदरगंज को निर्देश दिए गए हैं कि दो दिन में साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित करें।
आरोपी के पास कहां से आया तेजाब
लाख प्रतिबंध के बाद भी आरोपी को तेजाब कहां से मिला, पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस को कुछ साक्ष्य मिले हैं, जिस पर वह जांच कर रही है। वर्ष 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकारों को निर्देशित किया था कि एसिड अटैक से पीड़ितों के इलाज और पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। केंद्र सरकार ने भी एसिड अटैक को जघन्य अपराधों की श्रेणी में रखा है।