बड़ागांव/रुदौली। लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर हुए दो हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बड़ागांव प्रतिनिधि के अनुसार पूराकलंदर के सोखावा निवासी विजयपाल (47) पत्नी के साथ घर जा रहे थे। तभी देवई गांव के पास सोमवार रात पुल पर एक अज्ञात पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विजयपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी विनीता देवी (45) घायल हो गईं।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार हाईवे पर रौजागांव में ओवरब्रिज के निकट कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान हाईवे की सर्विस रोड पर चाट खा रहे लोग भी चपेट में आकर घायल हो गए।
पुलिस घायलों को लेकर सीएचसी रुदौली पहुंची, जहां से चिकित्सक डॉ. मदन बरनवाल ने सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायलों में कार में सवार नीरज वर्मा (24), दीपू (25), अभिनंदन (26) व पवन पटेल (24) लखनऊ इंदिरा नगर के सेक्टर 11 के निवासी हैं। ये लोग अपने रिश्तेदार के यहां गमी में गए थे। वहीं चाट खा रहे उमेश कुमार (24) निवासी मदद अली का पुरवा भी घायल हो गए।