मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर ब्लॉक मुख्यालय के सामने शनिवार की सुबह पिकअप चालक ने ड्यूटी से लौट रहे बाइक पर सवार दो होमगार्ड को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक व एक व्यापारी को हिरासत में ले लिया है। दोनों होमगार्ड विकास भवन में नाइट शिफ्ट में एक साथ ड्यूटी करते थे। घटना की सूचना पर अयोध्या पहुंचे डीजी होमगार्ड विजय कुमार ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी।
विकास भवन में नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले होमगार्ड के जवान अजय चौहान (32) निवासी मठिया कोछा बाजार कोतवाली बीकापुर व अशोक तिवारी उर्फ पूती (43) निवासी दयालजोत कोतवाली बीकापुर शनिवार सुबह ड्यूटी खत्म होने के बाद एक साथ बाइक से घर जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे थाना पूराकलंदर क्षेत्र के अयोध्या-सुलतानपुर राजमार्ग पर मसौधा ब्लॉक कार्यालय के सामने तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों बाइक सवार जवानों को रौंद दिया।
हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर दोनों होमगार्ड की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया व उनके परिवारीजनों को सूचना दी। हादसे में मृत अशोक तिवारी के दो बालिग बच्चे व पत्नी हैं जबकि अजय के बच्चे अभी छोटे हैं। दोनों बहुत ही साधारण परिवार से थे। दोनों के परिवार में माता-पिता व भाई-बहन हैं। थाना पूराकलंदर की प्रभारी प्रशिक्षु सीओ श्रुति गुप्ता ने बताया कि पिकअप प्रयागराज से हरी मिर्च लेकर अयोध्या सब्जी मंडी जा रही थी। चालक की पहचान रंजीत निवासी मूरतगंज जिला कौशांबी व मिर्च व्यापारी की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की सूचना पाकर डीजी होमगार्ड विजय कुमार अयोध्या पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिवारीजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की विभागीय क्षमता के अनुसार मदद की जाएगी। उन्होंने मृतक के परिवारीजनों को विभाग में नौकरी के साथ ही एक्सीडेंटल क्लेम दिलाने का आश्वासन दिया। होमगार्ड के जिला कमांडेंट सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में मृत अशोक तिवारी के दोनों बच्चे बालिग हैं, उन्हें विभाग में नौकरी दी जाएगी। वहीं अजय के बच्चे छोटे हैं तो उसकी पत्नी को नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
साथियों की मौत पर होमगार्ड के जवानों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। मंडलीय कमांडेंट चंद्रमोहन मिश्र व जिला कमांडेंट सुनील कुमार की अगुवाई में एडीसी अनिल तिवारी, ब्लॉक आर्गनाइजर अरविंद शुक्ला, अरविंद उपाध्याय, रमेश चंद्र यादव, अनूप सिंह, कंपनी कमांडर अंजनी गुप्ता, राम नयन भारती, सहायक कंपनी कमांडर हौसला प्रसाद, मनीराम यादव समेत अन्य जवानों ने आर्थिक सहायता की है।