गोसाईगंज। पुरैनी गांव में बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुरैनी गांव निवासी आशीष सिंह अपने पुत्र युवराज सिंह (16) के साथ बुधवार सुबह खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे।
इस दौरान करीब 8:20 बजे बिजली गिरने से युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में उसे गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल ले जाए जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर गोसाईगंज उपनिरीक्षक हरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को शासन की तरफ से आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।