कुचेरा बाजार। इनायतनगर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर व इनायत नगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसे में मारे गए युवक के पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा कायम कर लिया है।
अस्थना पूरे गोरवा निवासी गंगाराम चौरसिया (38) बीते शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अपनी बाइक से इनायत नगर बाजार गया था। बाजार से वह देर शाम अपने घर लौट रहा था। वह इनायत नगर गदुरही मार्ग पर स्थित गढ़ा गांव मोड़ के पास पहुंचा ही था कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक बाइक समेत सड़क के किनारे लगभग 10 फीट गड्ढे में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
रात का समय होने के चलते किसी को घटना की जानकारी तक नहीं हो सकी। उधर, परिवारजन भी युवक के देर रात तक घर वापस न लौटने पर खोजबीन कर रहे थे। शनिवार सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने सड़क के किनारे गड्ढे में शव पड़ा देख इनायत नगर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के लिए मृतक की पत्नी आशा देवी ने थाने में तहरीर दी जिसके आधार पर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने अज्ञात वाहन एवं वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा कायम कर छानबीन शुरू कर दी है।