अयोध्या। रायगंज स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से गुरुवार की मध्य रात्रि तीन बाल कैदी रोशनदान तोड़कर भाग गए। जानकारी पर शरणालय में हलचल मच गई। आनन-फानन में बाल कैदियों के फरारी की सूचना अफसरों को दे कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस व अफसरों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बाल शरणालय में लगभग 30 बाल कैदी निरुद्ध बताए जा रहे हैं। बताया गया कि गुरुवार की रात भोजन के बाद बाल कैदी अपने कमरे में सोने चले गए। भोर तीन बजे से चार बजे के बीच तीन बाल कैदी खिड़की को तोड़कर फरार हो गए। सुबह बाल कैदियों के मिलान के दौरान तीन कैदी कम मिले। खोजबीन शुरू हुई तो रोशनदान टूटा मिलने पर तीनों के फरार होने की पुष्टि हुई। शरणालय की सुरक्षा में गुरुवार की रात में तीन होमगार्ड दिलीप कुमार, रामजीत, रामबली व चतुर्थ श्रेणी कर्मी रामकुमार की तैनाती थी। कोतवाल हरिहरनाथ मिश्र ने बताया कि शरणालय के अधीक्षक रन बहादुर की तहरीर में बताया कि गुरुवार की रात शरणालय की खिड़की तोड़कर प्रतापगढ़ का एक व सुल्तानपुर के दो बाल कैदी कर्मचारियों की लापरवाही से भाग गए। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।