फैजाबाद। माल गोदाम के निकट 28 सितंबर को सीमेंट लदी मालगाड़ी के दो डिब्बों के पटरी से उतरने के मामले में स्टेशन की संयुक्त जांच रिपोर्ट मिलने के बाद गुरुवार को लखनऊ से तीन सदस्यीय जांच कमेटी फैजाबाद पहुंची। दोपहर से शुरू पूछताछ और जांच देर रात तक चली। कमेटी अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी को सौंपकर कार्रवाई की संस्तुति करेगी। सूत्रों के अनुसार कमेटी को भी ट्रैक में खराबी नजर आ रही है। ऐसे में पीवे पर कार्रवाई हो सकती है।लखनऊ से पहुंची टीम में सहायक परिचालन प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, सहायक मंडल यांत्रिक अभियंता अनंत लाल, सहायक मंडल अभियंता दिनेश कुमार शामिल थे। टीम के सदस्य घटनास्थल का जायजा लेने के बाद सीधे स्टेशन अधीक्षक जीपी सिंह के कमरे में बैठ गए। दुर्घटना की ज्वाइंट रिपोर्ट बनाने वाले एसएस जीपी सिंह, लोको इंस्पेक्टर रहे डीके सिंह, सीडीओ बीपी मिश्र, एसआई सिग्नल, पीडब्ल्यूआई, टीआई आरके उपाध्याय को एक-एक कर बंद कमरे में बुलाते और उनसे पूछताछ की। टीम के सवालों और जवाबों के बारे में ज्वाइंट रिपोर्ट बनाने वाले सदस्यों तथा टीम ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।