बीकापुर। मध्याचंल विद्युत वितरण में फ्रेंचाइजी के कर्मचारी द्वारा किसान से 13 हजार रुपये लेकर रसीद देने के बाद भी सरकारी रजिस्टर से बकाया नहीं काटा है। इसका खुलासा कोदैला निवासी हौसिला प्रसाद तिवारी को उस समय हुआ जब उन्होंने विद्युत विभाग जाकर लेजर देखा है। वहीं फ्रेंचाइजी की खोज करने पर भी मालिक ढूंढ़े नहीं मिल रहे हैं। इसकी शिकायत एसडीओ विद्युत से किसान ने की है।
मलेथू कनक रोड पर पावर स्टेशन के समीप खुले मध्यांचल विद्युत वितरण लि. के बिल जमा करने वाले फ्रेंचाइजी जितेंद्र उपाध्याय के यहां काम करने वाले विजय पांडेय नामक बिल जमाकर्ता कर्मचारी के पास कोदैला निवासी किसान हौसिला प्रसाद तिवारी ने अपने कनेक्शन संख्या 191030 का बकाया 13 हजार रुपये जमा किया। कर्मी ने उन्हे रसीद बुक संख्या 3155 के क्रमांक 1111111 के तहत कम्प्यूटरीकृत रसीद भी दी है। काफी दिनों बाद जब किसान ने पावर हाउस पहुंच जमा रकम की तस्दीक की तो पता चला कि रकम उसके खाते में जमा नहीं है और कर्मचारी भी भाग गया है। इस मामले में फ्रेंचाइजी जितेंद्र उपाध्याय से संपर्क नहीं हो पाया है। एसडीओ पंकज तिवारी का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है यदि फ्राॅड का मामला बना तो केस दर्ज करवाया जाएगा।