रुदौली (ब्यूरो)। मंडलायुक्त विशाल चौहान व डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने मंगलवार को रुदौली तहसील पहुंच लोगों की समस्याआें को सुना। इस दौरान देर से पहुंचे बाढ़ खंड के सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता और नलकूप विभाग के सहायक अभियंता के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। शिकायत निपटाने में लापरवाही के आरोप में वन क्षेत्राधिकारी रुदौली से जवाब-तलब किया। तहसील दिवस की सी ग्रेडिंग पर ध्यान न देने पर भी कड़ रुख अपनाया और विभागीय अधिकारियों और उपजिलाधिकारी रुदौली को सी ग्रेडिंग पर दंडित करने की भी चेतावनी दी है। तहसील दिवस में 165 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें मात्र छह शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
मंडलायुक्त विशाल चौहान ने मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंचने के बाद उपस्थित पंजिका का अवलोकन किया। इसके बाद आए बाढ़ खंड के सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता और नलकूप विभाग के सहायक अभियंता के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। तहसील दिवस के रजिस्टर में 19 अगस्त 2014 को कस्बा रुदौली मंगल बाजार निवासी सुनम देवी के शिकायत प्रार्थना पत्र के निस्तारण में कार्रवाई की आख्या न आने पर नाराजगी जताई वन क्षेत्राधिकारी से तीन दिन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन को अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिये हैं। आयुक्त ने तहसील दिवस की सी ग्रेडिंग पर ध्यान न देने पर भी कड़ रूख अपनाया और विभागीय अधिकारियों और एसडीएम रुदौली को दंडित करने की भी चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पीयूष रंजन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामसूरत पांडेय, एडीएम वित्त राजेश श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी कमलेश कुमार द्विवेदी मौजूद थे।