फैजाबाद। प्रदेश के खेल पटल पर फैजाबाद के खिलाड़ियाें का जलवा रहा है। जनपद के खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंच कर जिले का नाम रोशन किया। फैजाबाद ने प्रदेश को दर्जनों बेहतर खिलाड़ी दिए। लेकिन, अब इस ऊर्जा भूमि पर खेल की यादें शेष रह गई हैं। कभी खिलाड़ियों की चमक बिखेर रहे हरे भरे मैदानों में अब खेल नहीं होता है।
खेल विभाग के पास अभी स्टेडियम तक नहीं है, नया बन रहा अतंर्राष्ट्रीय स्टेडियम 10 साल से अधूरा पड़ा है। हमेशा धनाभाव का रोना रोया जाता है। हाल ही में नए खेलमंत्री नारद राय ने आकर इंजीनियरों की लूट-खसोट पर रिपोर्ट दर्ज करवाई। काम तेज कराने का वादा किया। मगर, हालत जस की तस है। आदर्श इंटर कालेज, विद्या मंदिर, राजकरण स्कूलों की टीम ने राज्य स्तर पर खेल छात्रावास की टीमों को परास्त कर सुब्रतो मुखर्जी फुटबाल प्रतियोगिता में विजेता होने का गौरव प्राप्त किया था। जिले की एमपीएलएल आदर्श इंटर कालेज की टीम ने राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी प्रतियोगिता दिल्ली में अंतिम चार में जगह बनाई थी। वही मुन्ना लाल मदन लाल विद्या मंदिर के छात्र नेहरू हाकी में देश में स्थान स्थान प्राप्त कर चुके है। खेल विभाग ने जिले में स्थानीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए तलवारबाजी, बैडमिंटन, हैंड़बाल और क्रिकेट पर दांव लगाया है। इससे पहले इसी जिले में खेल विभाग 11 खेलो में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता था।