फैजाबाद (ब्यूरो)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को दो युवकों ने बीमारी से तंग आकर जान दे दी। एक युवक ने कैफियात एक्सप्रेस से कटकर तो दूसरे ने फांसी लगाकर जान गंवा दी।
जानकारी के अनुसार महराजगंज थाना क्षेत्र के पिलखांवा का रहने वाला भगवानदीन (45) पूराबाजार में मोची का काम करता था। पत्नी की मौत के बाद इधर कुछ दिनों से वह किसी बीमारी से ग्रसित था। शुक्रवार को उसने इलाज भी करवाया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को भगवानदीन दर्शननगर-बिलहर घाट रेलवे स्टेशन के मध्य भगवाभीट रेलवे क्रॉसिंग से सौ मीटर दूर कालीचौरा के निकट ट्रैक के पास बैठा था। बताते हैं कि करीब पौने आठ बजे दर्शननगर की ओर से डाउन कैफियात एक्सप्रेस आई। जब ट्रेन भगवाभीट क्रॉसिंग पर पहुंची, तभी भगवानदीन ट्रैक पर लेट गया और कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, टीबी से तंग एक युवक ने शनिवार को कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार में बहन के आवास में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया कि मृतक 24 वर्षीय अर्जुन सिंह मूल रूप से गोंडा के परसपुर थाना क्षेत्र स्थित गुलाब का पुरवा का निवासी था। उसके जीजा सेना में हैं और सदर बाजार निवासी कल्लू के घर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे हैं। शहर में ही टीबी का इलाज करा रहा अर्जुन एक सप्ताह पूर्व बहन के यहां आया था। सुबह दस बजे बाजार से खरीददारी कर बहन कमरे पर पहुंची तो देखा कि अर्जुन का शव फंदे से पंखे से लटक रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग आठ बजे अर्जुन ने बीमारी ठीक न होने की बात कही थी। थानाध्यक्ष कैंट विश्वनाथ यादव ने बताया कि बीमारी की बात सामने आई है।