फैजाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लल्लू सिंह समेत तीन प्रत्याशियों ने गुरुवार रिटर्निंग अफसर के सामने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसको लेकर भाजपा ने अयोध्या से फैजाबाद तक रोड शो किया। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम रहे। अब संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशियों की संख्या 10 हो गई है।
गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के नामांकन जुलूस के लिए कार्यकर्ता अयोध्या स्थित राम की पैड़ी पर एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ताओं का हुजूम ढोल-नगाड़े और दो पहिया-चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ फैजाबाद की ओर निकला। भाजपा प्रत्याशी के साथ रथ पर सांसद विनय कटियार, विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित, महंत मनमोहन दास, डॉ. बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष राम कृष्ण तिवारी थे। जुलूस की भीड़ के कारण अयोध्या-फैजाबाद मार्ग पर यातायात घंटों प्रभावित हुआ। दोपहर बच्चों के स्कूली वाहनों को भी इंतजार करना पड़ा। इसके कारण बच्चों और यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ी। जुलूस में शामिल वाहनों को रीडगंज से रास्ता बदलकर भेजा गया। इसे कलेक्ट्रेट के पास रोक दिया गया। यहां से प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक नामांकन के लिए नामांकन स्थल जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह ने तीन सेट में नामांकन किया। नामांकन कराने पहुंचने वालों में पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी, मथुरा तिवारी, रामदेव आचार्य, पालिका अध्यक्ष विजय गुप्ता, कृष्ण कुमार पांडेय खून्नू सहित अन्य लोग थे। उधर, समाजवादी जनता पार्टी (रार्ष्ट्रीय ) के प्रत्याशी देवकाली निवासी मारुत बिना लाव-लश्कर के कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने रिटर्निंग अफसर के सामने दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं गोंडा के रहने वाले सम्यक परिवर्तन पार्टी के युवा प्रत्याशी प्रदीप ने रिटर्निंग अफसर के सामने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। गुरुवार को हुए तीन नामांकनों के साथ ही प्रत्याशियों की संख्या दस हो गई है। 18 अप्रैल को गुडफ्राइडे के उपलक्ष्य अवकाश रहेगा। इस दिन नामांकन पत्र नहीं दाखिल होंगे।