बेरुगंज। क्षेत्र में बेखौफ बाइकर्स गैंग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बेरूगंज-मुसहर मार्ग पर बुधवार की दोपहर हैदरगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर एक बिस्कुट व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे से डरा धमकाकर 15 हजार रुपये लूट लिए। घटनास्थल कूरेभार थाना क्षेत्र का होने से पीड़ित व्यापारी सूर्य नारायण यादव ने कूरेभार में वारदात की शिकायत की है। पुलिस ने बताया है कि शिकायत मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को दोपहर सुल्तानपुर के लम्हुआ निवासी बिस्कुट व्यापारी सूर्य नारायण यादव मोटरसाइकिल से हैदरगंज की तरफ आ रहा था। इसी बीच अचानक आए बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे के बल पर मुसहर गांव के पास उसे रोक लिया और 15 हजार रुपये छीन कर कूरेभार की ओर भाग निकले। पीड़ित व्यापारी सूर्य नारायण ने पुलिस से वारदात की शिकायत की है। थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र ने बताया कि वारदात की शिकायत मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल हैदरगंज और कूरेभार थाना क्षेत्र की सीमा का बताया जाता है।