फैजाबाद। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए तैयारियां जोरों पर है। परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए तीन स्तरों पर व्यवस्था की जी रही है। बिना नकल परीक्षा के लिए केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। परीक्षा को लेकर मजिस्ट्रेटों को लगाया गया है। जिले में 81 परीक्षा केंद्रों पर 15 दिसंबर को परीक्षा होगी। परीक्षा में लगभग 18 हजार परीक्षार्थियों के शामिल होने का अनुमान है। सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यह परीक्षा केंद्र अयोध्या-फैजाबाद नगर के विद्यालयों के साथ ही दर्शननगर, सरायरासी, पूराबाजार, बीकापुर, रामपुर सर्धा, मसौधा, नउवाकुंआ, सोहावल के संजयगंज, ड्योढ़ी क्षेत्रों तक फैले हैं। इस बड़ी परीक्षा के लिए सुरक्षा एवं शांति अहम् मुद्दा है। इसके लिए प्रशासन से सख्त व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। एक-एक मजिस्ट्रेट के हवाले दो से तीन परीक्षा केंद्र हैं। प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी है। पर्यवेक्षकों के रूप में जिले के अफसरों को लगाया गया है। विद्यालय में केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही मजिस्ट्रेटों की नजर रहेगी। 10 मजिस्ट्रेटों को रिजर्व रखा गया है। परीक्षा के प्रश्नपत्र पुलिस की सुरक्षा में कोषागार में रखे जाएंगे। प्रश्नपत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्र तक ले जाने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को साैंपी गई है। डीएम वीके द्विवेदी के मुताबिक सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया है कि वह सुबह छह बजे प्रश्नपत्र कोषागार के डबल लॉक से प्राप्त करके सुरक्षित अपनी अभिरक्षा मेें लेकर बिना किसी विलंब के केंद्रों के प्रधानाचार्यों को प्राप्त कराएंगे। केंद्र पर्यवेक्षक परीक्षा के पूर्व से परीक्षा के समाप्ति तक परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहकर उसे संपन्न कराएंगे। प्रश्नपत्र अपने सामने खुलवाएंगे।