फैजाबाद। रविवार को 84 कोसी परिक्रमा की जिद पर अड़े विहिप के केंद्रीय मंत्री डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया, राम जन्मभूमि न्यास सदस्य राम विलास दास वेदांती व अयोध्या के पूर्व भाजपा विधायक लल्लू सिंह को गिरफ्तारी के बाद मंडल कारागार भेज दिया गया वहां से देर शाम उन्हें ऐटा कारागार के लिए भेज दिया गया। वहीं अयोध्या से गिरफ्तार महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी कमलनयन दास, हनुमानगढ़ी के महंत धर्मदास, जगदगुरु राघवाचार्य, रघुनाथ दीक्षित, राघवेश दास वेेदांती समेत अन्य को अस्थाई जेल पूरा बाजार के बच्चू लाल इंटर कॉलेज भेजा गया है। दूसरी तरफ अव्यवस्थाओं को लेकर अस्थाई जेल पहुंचे लोगों नें हंगामा किया। थानाध्यक्ष महराजगंज की मान-मनौव्वल के बाद लोग शांत हुए। अयोध्या में गिरफ्तारी के बाद डॉ. तोगड़िया को पहले अन्य संतों-धर्माचायों तथा लोगों के साथ पुलिस लाइंस लाया गया। मीडिया की दस्तक शुरू होते ही डॉ. तोगड़िया को पुलिस आफिसर्स मेस में शिफ्ट कर दिया गया। जबकि पूर्व विधायक लल्लू सिंह, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ हनमुान गढ़ी के महंत धर्मदास, मणिराम दास छोटी छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास, जगदगुरु राघवाचार्य, राघवेश दास वेदांती समेत अन्य को पुलिस लाइंस सभागार व उसके सामने रोका गया। शाम को इन सभी को बच्चूलाल इंटर कॉलेज पूरा बाजार स्थित अस्थाई जेल में शिफ्ट कर दिया गया।