फैजाबाद। मॉडल रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से मारपीट करना दो क्लर्कों को भारी पड़ गया। सीनियर डीसीएम अश्विनी श्रीवास्तव ने एक बुकिंग क्लर्क को निलंबित कर दिया जबकि दूसरे को चार्जशीट देकर स्पष्टीकरण मांगा है। घटना बीती नौ जुलाई की सायं इलाहाबाद के फूलपुर निवासी सद्दाम हुसैन के साथ हुई थी। उसने इसकी शिकायत लखनऊ में सीनियर डीसीएम से की थी। सीनियर डीसीएम अश्विनी श्रीवास्तव ने घटना और कार्रवाई की पुष्टि की है। बीती नौ जुलाई की शाम सद्दाम हुसैन टिकट के लिए खिड़की पर था। बुकिंग क्लर्क संजीव कनौजिया उस समय काउंटर पर थे। सद्दाम ने 105 रुपए देकर उनसे इलाहाबाद के लिए तीन आधा और एक पूरा टिकट देने को कहा था। क्लर्क ने तीन पूरा और एक आधा टिकट बनाकर यात्री को दे दिया। यात्री ने इसका विरोध किया तो झूठ बोलने के आरोप पर बात बढ़ गई। बाद में यह तकरार मारपीट में बदल गई। इसमें दूसरे क्लर्क अनूप पांडेय ने भी सद्दाम को मारापीटा। यात्री ने सीनियर डीसीएम को लिखित शिकायती पत्र भेजा था। सीनियर डीसीएम अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत मिलने पर संजीव कनौजिया को फौरी तौर पर चार्जशीट देकर जवाब देने को कहा गया है। अनूप पांडेय का तबादला गोसाईगंज के लिए किया गया था। फैजाबाद में उनकी तैनाती नहीं थी। डयूटी पर न होते हुए भी वह बुकिंग केंद्र के अंदर कैसे गए और यात्री से मारपीट क्यों की, इस पर अनूप पांडेय को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।