फैजाबाद। ट्रिपल राइडिंग रोकने के लिए शनिवार को अमर उजाला की ओर से सिविल लाइंस में परिचर्चा का आयोजन किया गया इसमें शहर के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने अपने विचार साझा किए। चर्चा में सभी ने एक सुर में ट्रिपल राइडिंग पर लगाम लगाने की बात कही। वक्ताओं ने ‘सावधानी व एहतियात ही बचाव है’ सूत्र वाक्य पर जोर देते हुए समाज से ट्रिपल राइडिंग से परहेज करने की अपील की।शनिवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में आयोजित परिचर्चा को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निर्मल खत्री के प्रतिनिधि राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मानव जीवन बहुमूल्य है। ट्रिपल राइडिंग की रोकथाम सभी का उत्तरदायित्व है। नगर पालिका फैजाबाद के चेयरमैन विजय गुप्ता ने कहा कि दुर्घटनाओं में मरने वालों की तादात काफी ज्यादा होती जा रही है। अक्सर दुर्घटनाओं के पीछे एक गाड़ी पर तीन सवारी की बात सामने आती है। इसके बाद भी लोग इस तरह की गलतियां करते हैं जो उनकी जान-माल पर भारी पड़ जाए। सामाजिक कार्यकर्ता सभाजीत सिंह ने ट्रिपल राइडिंग के खतरों से आगाह करते हुए कहा कि तीन सवारी से चालक को वाहन चलाने तथा नियंत्रित करने में परेशानी होती है। इसके चलते अक्सर दुर्घटना हो जाती है। उन्होंने समाज के लोगों से ट्रिपल राइडिंग न करने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील भी की। छात्रनेता सुनील तिवारी शास्त्री ने कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारी व कर्तव्य दूसरों के पाले में डालने की कोशिश करते हैं। पुलिस ट्रिपल राइडिंग पर रोक लगाए, ऐसा कहना और सोचना अपनी जिम्मेदारी व कर्तव्य से भागना है। परिचर्चा को आगे बढ़ाते हुए समाजसेवी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस दिशा में पुलिस की पहल जारी है, लेकिन यह तब तक परवान नहीं चढ़ सकती, जब तक समाज की हिस्सेदारी व सहयोग न हो। उन्होंने इसके लिए सख्त कार्रवाई करने के सुझाव के साथ ही लोगों से समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। समाजसेवी राजेश सिंह ने कहा कि ट्रिपल राइडिंग रोकने के लिए सभी को सामूहिक रुप से प्रयास करना होगा। तभी इस पर रोक लगाई जा सकेगी।