फैजाबाद। गाली कुत्ते को दी गई और आरोपी समझ बैठे कि गाली उन्हें दी गई। इसी गलतफहमी में लाठी-डंडे से पीट कर दलित की हत्या कर दी गई। इसका आरोप साबित होने पर शनिवार को अदालत ने दोषी पाते हुए तीन सगे भाइयों समेत छह लोगों को आजीवन कठोर कारावास की सजा दी। प्रत्येक पर पांच हजार रुपये जुर्माना भी हुआ। फैसला विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट जयमंगल शर्मा की अदालत से शनिवार को हुआ। मामला पटरंगा थाना क्षेत्र के सरैठा मजरे कथिक का है। लोक अभियोजक चंद्रभानु प्रताप नारायण उपाध्याय ने बताया कि इसी गांव के रामदेव, गोली, निरमल (तीनों सगे भाई) व विमल, रामरूप, श्याम बिहारी ने मिलकर गांव के सीताराम की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। वजह सिर्फ यह थी कि मृतक पक्ष ने आरोपियों के कुत्ते को गाली दी थी और आरोपी यह समझ बैठे कि गाली उन्हें ही दी गई है। इसकी रिपोर्ट छविलाल ने सभी के खिलाफ हत्या व दलित उत्पीड़न की धाराओं में लिखाई थी। अभियोजन पक्ष से घटना को साबित करने के लिए मृतक की पत्नी दिलजाना व पुत्री जयवंता को पेश किया गया, जिन्होंने घटना को साबित किया। सुनवाई में अदालत ने दोषी पाते हुए सजा सुनाई।