फैजाबाद। अवध विश्वविद्यालय के संयोजन में शनिवार से सत्र 2012-13 में बीएड पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए तीसरी काउंसलिंग शुरू होगी। दूसरी काउंसलिंग के बाद भी प्रदेश के अलग-अलग कॉलेजों में कला व वाणिज्य वर्ग की 2553 सीटें रिक्त हैं। इन्हीं सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। तीसरी काउंसलिंग 17 से 21 नवंबर तक प्रदेश के तीन जिलों के छह केंद्रों पर होगी। फैजाबाद में अवध विवि के मुख्य परीक्षा भवन व तकनीकी संस्थान में काउंसलिंग होगी। वहीं मेरठ में श्री छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट मवाना रोड व नीलकंठ विद्यापीठ मोदीपुरम् रुड़की रोड तथा झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस के शैक्षणिक भवन में काउंसलिंग संपन्न होगी।