अवध विवि की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार से शुरू हो गया है। पहले दिन 16 परीक्षकों ने कोडिंग की हुई उत्तर पुस्तिकाओं को जांचा है।
परीक्षकों की जांच के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी संतुष्टि के लिए परीक्षकों की जांची उत्तर पुस्तिकाएं हेड परीक्षकों से भी चेक कराई है। पहले दिन बीकॉम तृतीय वर्ष की 1600 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई हैं।
अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हुई हैं। अब तक आधी से अधिक परीक्षाएं निपट चुकी हैं। विवि प्रशासन की ओर से बनाए गए नोडल केंद्रों से 10 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं विवि पहुंच चुकी हैं।
विवि प्रशासन ने उत्तर पुस्तिकाओं की कोडिंग पांच दिन पहले ही शुरू करा दी थी। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने के लिए परीक्षकों को बुलावा पत्र भी भेज दिया था। रविवार को 16 परीक्षकों ने अपनी आमद दर्ज कराई है।
इसी के साथ रविवार से ही मूल्यांकन कार्य भी शुरू हो गया है। पहले दिन प्रत्येक परीक्षक की ओर से 100-100 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई हैं। इसका परीक्षण भी कराया गया है।
परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया है कि उत्तर पुस्तिकाओं की कोडिंग बड़ी संख्या में हो गई है। परीक्षकों को बुलावा पत्र भी भेजा जा रहा है। जैसे-जैसे परीक्षक आते जाएंगे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज होती जाएगी।
उन्होंने बताया है कि 40 सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में मूल्यांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। किसी प्रकार का फाल्ट पकड़ में आने पर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया है कि पूरे मूल्यांकन के दौरान 25 लाख के आसपास उत्तर पुस्तिकाएं जांचीं जाएंगी।