ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, तीन की मौत
फैजाबाद। फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटरंगा थाना अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गनौली के सामने बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। जिससे पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक शीशम के पेड़ से जा टकराया। जिससे तेज रफ्तार एसयूबी भिड़ गई। इससे एसयूवी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको सीएचसी रुदौली में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भयानक था कि सब्जी ले जा रही पिकअप के परखच्चे उड़ गए। सभी मृतक रुदौली के रहने वाले थे।
पटरंगा थाना के फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह करीब सात बजे हाफ डाला पिकअप वाहन कूढ़ा सादात स्थित सब्जी मंडी से सब्जी लादकर लखनऊ की ओर जा रहा था। इस दौरान गनौली प्राथमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास अचानक गाड़ी का अगला टायर फट गया। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर सड़क किनारे एक विशालकाय शीशम के पेड़ से जा टकराया। उसी समय लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी भी ट्रक जा टकराई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एसयूवी सवार पांच लोगों में चालक घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पटरंगा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायल चालक को सीएचसी रुदौली भेजा गया।
हादसे के दौरान कुछ देर तक वाहनों का संचालन ठप हो गया। पुलिस ने एनएचआई की क्रेन बुलाकर वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात चालू करवाया। पटरंगा थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि हादसे में राजेश कुमार (30) निवासी दरगाही सरायपीर कोतवाली रुदौली, रामजीत (18) व वीरेंद्र कुमार (18) निवासी गुलचप्पा मजरं सरायपीर कोतवाली रुदौली की मौत हो गई जबकि एसयूवी चालक रामू (30) निवासी लखनऊ घायल हुआ है।
शीशम के पेड़ ने बचाई बच्चों की जान
पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अकील अहमद ने बताया कि इस भीषण हादसे से विद्यालय के बच्चे सहम गए। हादसे के समय विद्यालय खुल चुका था और करीब 40 बच्चे पहुंच भी गए थे। कहा कि अगर यह विशालकाय शीशम का पेड़ नहीं होता तो ट्रक विद्यालय की बाउंड्री तोड़कर अंदर भी आ सकता था। जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।