अब भी चल रहे 259 फर्जी स्कूल
फैजाबाद। आधा जुलाई माह बीतने के बाद भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग का डंडा नहीं चला है। अप्रैल माह में चिह्नित किए गए 409 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों में करीब 150 स्कूलों को कोरम पूरा करने के बाद मान्यता प्रदान कर दी गई है। मगर अप्रैल-मई माह में चले अभियान के दौरान बंद कराए गए 259 फर्जी स्कूलों ने फिर जुलाई से धंधा शुरू कर दिया है। वहीं, कुछ विद्यालय के प्रबंध तंत्र का कहना है कि उनकी मान्यता की फाइल विभाग के पास जमा है, जल्द ही उन्हें मान्यता मिल जाएगी।
मौजूदा समय में शहरी व ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के नाम पर विभाग के कान के नीचे गैर मान्यता प्राप्त कान्वेंट स्कूलों का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। शासन से डंडा चलने पर इन स्कूलों को सूचीबद्ध किया गया। यही नहीं रस्म अदायगी के लिए अप्रैल-मई माह में इन स्कूलों में छापेमारी भी की गई, लेकिन उसके बाद विभाग का यह अभियान ठंडा पड़ गया। अक्तूबर-नवंबर माह 2017 में फर्जी स्कूलों की सूची संशोधित होने के बाद इनकी संख्या में कमी के बजाय इजाफा हो गया था। ग्रामीण इलाकों में तो इनकी बाढ़ है ही, शहरी इलाका भी कहीं से कम नहीं है। सिर्फ नगर क्षेत्र में फर्जी विद्यालयों की संख्या 41 है। इसके अलावा बीकापुर में सर्वाधिक 64, तारुन व सोहावल ब्लॉक में 55, मसौधा में 41 गैर मान्यता प्राप्त स्कूल चल रहे हैं। अप्रैल माह तक जिले में कुल 409 फर्जी विद्यालय संचालित हो रहे थे। विभागीय जानकारी के अनुसार इनमें से 150 विद्यालयों द्वारा मानक पूरा करने पर उन्हें मान्यता प्रदान कर दी गई है। बीते माह कार्रवाई के दौरान करीब 259 विद्यालयों को बंद भी कराया गया था। इनमें से करीब 100 विद्यालयों की मान्यता पर विचार भी चल रहा है। वहीं जुलाई माह में विद्यालय खुलने पर इनमें से अधिकतर विद्यालय फिर खुल गए हैं।
नहीं कराया प्राइमरी व जूनियर विद्यालयों में दाखिला
विभागीय जानकारी के अनुसार बंद कराए गए स्कूलों में अध्ययन करने वाले छात्रों को नजदीक के प्राइमरी व जूनियर विद्यालयों में एडमिशन कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इस आदेश का पालन नहीं हो पाया। गैर मान्यता प्राप्त ने सख्ती देखकर फौरी तौर पर विद्यालयों को बंद तो कर दिया लेकिन वहां पढ़ने वाले बच्चों को नजदीक के प्राइमरी व जूनियर विद्यालयों में दाखिला नहीं दिलाया। वहीं इस मामले में दोबारा स्कूल खुला पाए जाने पर उन पर केस दर्ज कराने की बात कही गई थी लेकिन जुलाई में दोबारा खुले इन स्कूलों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।
गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर निगाह रखी जा रही है, इन पर कार्रवाई भी होती है। अप्रैल माह में चिह्नित किए गए 409 विद्यालयों की जांच कर उन्हें बंद कराया गया था। इनमें से 150 विद्यालयों को मान्यता दी गई है, इसके बाद शेष स्कूल यदि खुले पाए गए तो इन पर केस दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी भी जांच कराई जाएगी कि बंद कराए गए विद्यालयों के बच्चों को नजदीक के प्राइमरी व जूनियर विद्यालयों में दाखिला दिलाया गया है कि नहीं। -डॉ. अमिता सिंह, बीएसए फैजाबाद।