तारुन। थाना क्षेत्र के ककोली गांव में संचालित की जा रही गोशाला में चारे की समस्या गहराती जा रही है। वहीं, शुक्रवार को पुलिस ने गांव में पहुंचकर गोशाला संचालकों से कहा है कि या तो वो चारे की व्यवस्था करें नहीं तो पशुओं को छोड़ दें। अब तक 28 पशुओं की मौत के बाद गांव के ही दस मवेशियों को उनके स्वामी शुक्रवार की सुबह गोशाला से अपने घर ले गए। वहीं,दो मवेशी गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनका इलाज शुक्रवार को पशु चिकित्साधिकारी ने किया।
वहीं गोशाला में गोवंश के मरने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। बताया गया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को तारुन पुलिस ने भी गोशाला संचालकों से कहा था कि गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा व अन्य संसाधन उपलब्ध कराए नहीं तो इन्हें मुक्त कर दें। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लालमणि प्रजापति ने बताया कि गुरुवार तक 116 गोवंश गोशाला में थे, जिसमें से 10 गोवंश उनके स्वामी लेकर चले गए। दो बीमार हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। बताया गया कि चारे की समस्या बनी हुई है, इसलिए गोशाला संचालकों ने मवेशियोें को दूर ले जाकर छोड़ने की बात कही है।