अयोध्या। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले के 53 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ ही 17 सेक्टर मजिस्ट्रेटों भी की तैनाती की गई है। जिले में कुल साढ़े 28 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए जिले में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 28 हजार 533 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के नोडल अफसर व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मदनचंद्र दुबे ने बताया कि शांतिपूर्ण व नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को 17 सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती भी गई है। रविवार को यह परीक्षा 11 से डेढ़ बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में नकल रोकने के लिए कुल नौ सचल दस्ते बनाए गए हैं। परीक्षा के प्रश्नपत्र सेक्टर मजिस्ट्रेटों के जरिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा में पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।