फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेलवे जंक्शन व कॉलोनियों की जलापूर्ति ठप, मचा हाहाकार

विज्ञापन
विज्ञापन
रेलवे जंक्शन व कॉलोनियों की जलापूर्ति ठप, मचा हाहाकार
विज्ञापन

फैजाबाद। फैजाबाद रेलवे जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बृहस्पतिवार शाम को जेसीबी से खोदाई के दौरान वाटर सप्लाई की मुख्य पाइप लाइन फट गई। इससे रेलवे स्टेशन समेत रेलवे कॉलोनियों में जलापूर्ति ठप हो गई। पानी नहीं मिल पाने के कारण शुक्रवार को सुबह हाहाकार मच गया। यात्रियों समेत रेलकर्मियों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। प्लेटफार्म-दफ्तर के प्रसाधन जाम हो गए।

पानी नहीं होने के कारण फैजाबाद से रवाना होने वाली फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस समेत अन्य गाड़ियों में पानी नहीं भरा जा सका। समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम के चार टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई है। उधर, पाइप को दुरुस्त करने का काम जारी है। शनिवार को राहत मिलने की उम्मीद है। फैजाबाद रेलवे जंक्शन के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है।
विज्ञापन


गुरुवार शाम करीब 4 बजे जीआरपी कार्यालय के पास कार्य में लगी जेसीबी मशीन द्वारा की जा रही खोदाई से मेन वॉटर सप्लाई की पाइप फट गई और तेज धार में पानी बहने लगा। देखते ही देखते टंकी खाली हो गई। वहीं, स्टेशन के सभी प्लेटफार्म व दफ्तर समेत रेलवे कॉलोनियों की जलापूर्ति ठप हो गई।

इससे स्टेशन पर मौजूद व ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के साथ कॉलोनियों में रहने वाले करीब आठ सौ लोग परेशान हो गए। कॉलोनियों में लगे दो एक हैंडपंप से लोगों ने पानी भरकर किसी तरह अपना काम चलाया। रेलवे कॉलोनी में रहने वाली रेलकर्मी की पत्नी सुशीला ने बताया कि पानी नहीं होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पाए तो उनके पति भी बिना नहाए ड्यूटी पर गए।

रेलवे कॉलोनी के बी ब्लॉक में हैंडपंप पर पानी भर रहे अभिषेक यादव व शुभम यादव ने बताया कि सुबह से वो बाल्टी से पानी ढो रहे हैं। पानी कब तक आएगा पूछने पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है। पानी नहीं मिलने के कारण स्टेशन की सभी टोटियां सूख गईं। स्टेशन पर लगे हैंडपंप पहले से खराब होने के कारण यात्री पानी की एक-एक बूंद के लिए इधर उधर भटकने लगे।

हालांकि संपन्न लोगों ने बोतलबंद पानी से अपना काम चला लिया लेकिन शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं होने से वे भी व्याकुल दिखे। दूसरी ओर पानी नहीं होने से शौचालय जाम होकर भयंकर बदबू देते रहे, जिससे स्टेशन पर यात्रियों को नाक पर रुमाल रखना पड़ा। शुक्रवार सुबह तक समस्या इतनी गहरा गई स्टेशन के अधिकारियों को डीएम से गुहार लगानी पड़ी।

तब जिलाधिकारी ने नगर निगम के चार पानी के टैंकर रेलवे को उपलब्ध कराए, इनमें से एक टैंकर प्लेटफार्म नंबर एक पर बने पूछताछ कार्यालय के सामने, दूसरा आरक्षण कार्यालय के सामने, तीसरा जीआरपी कार्यालय के सामने व चौथा स्टेशन के बाहर खड़ा किया गया। पाइप फटने व जलापूर्ति बहाल होने के संबंध में जब अधिकारियों से बात की गई तो वे दूसरों को जिम्मेदार बताते हुए अपना पल्ला झाड़ते रहे।

वहीं, पानी नहीं होने के कारण फैजाबाद से रवाना होने वाली फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस समेत अन्य गाड़ियों में पानी नहीं भरा जा सका। किसी भी प्लेटफार्म पर पानी की आपूर्ति नहीं होने से व सभी टैंकर प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़े होने के कारण दूसरे प्लेटफार्म पर आई ट्रेनों के यात्री जान जोखिम में डालकर पटरियां क्रॉस कर पानी के लिए दौड़ते रहे।

शुक्रवार शाम करीब चार बजे आई एक ट्रेन में सवार बिहार के यात्री ज्योतिष पांडेय ने बताया कि उनकी ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी है। वहां पानी नहीं मिलने के कारण पटरी पार कर प्लेटफार्म नंबर-1 पर टैंकर से पानी भरने आए हैं। इलाहाबाद के यात्री आलोक वर्मा ने बताया कि पीने के पानी के साथ शौच आदि की समस्या पैदा हो गई है।

मऊ के यात्री संदीप कुमार ने बताया कि पूरे स्टेशन के साथ आसपास कही पानी नहीं मिलने से परेशानी हुई है। वाराणसी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री सोनू गुप्ता ने बताया कि हलक सूख रहा है, टिकट लेने के बाद चंद रुपये बचे हैं, जिनसे एक बोतल नहीं ले सकते। ट्रेन में सवार होने के बाद अगले स्टेशन पर रुकने पर पानी पीने की सोच रहे हैं।
विज्ञापन


सहायक अभियंता रेलवे फैजाबाद रवि विक्रम सिंह ने बताया कि स्टेशन को संवारने के लिए जेसीबी मशीन से काम कराने के दौरान जलापूर्ति करने वाली पाइप लाइन डैमेज हो गई। उसे ठीक करने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद है कि शनिवार तक इसे ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें