अवैध बालू खनन पर एसडीएम व सीओ का छापा, माफिया फरार
फैजाबाद। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बेगमगंज घाट पर अवैध बालू खनन का बड़ा मामला बुधवार को एसडीएम और सीओ ने छापा मारकर पकड़ा। अवैध खनन से पौसरा गांव कटान की जद में आ गया है। टीम ने मौके से दो जेसीबी, दो ट्र्रक व एक ट्रॉली को सीज कर दिया है। वहीं खनन करने के आरोपी भनक लगते ही मौके से दर्जनों ट्रकों के साथ फरार हो गए। एसडीएम के अनुसार बालू खनन माफिया पर कार्रवाई करने की जाएगी। खनन करने वाले पट्टा कहीं और का लिए हुए थे। जिनके खिलाफ पट्टा निरस्त करने से लेकर खनन की गई बालू की मापी कराकर जुर्माना वसूला जाएगा।
‘अमर उजाला’ ने बुधवार को सरयू किनारे अवैध बालू खनन से गांव को खतरा शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद जिला प्रशासन में हलचल मच गई। एसडीएम सदर मधुसूदन नागराज हुलगी ने सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम समेत गोसाईंगज कोतवाली पुलिस के साथ छापेमारी की रणनीति बनाई। हालांकि इसके पहले 17 मार्च को भी यहां एसडीएम ने छापा मारा था, तब भी सामने आया था कि गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बेगमगंज घाट बालू खनन का पट्टा लेने वाले ठेकेदारों द्वारा नियत स्थानों पर खोदाई न करके एक किमी दूर पौसरा भरवा गांव के पास खनन किया जा रहा है। इसके चलते गांव में कटान का खतरा पैदा हो गया है। बालू माफिया के हौसले इतने बुलंद थे कि एसडीएम की कार्रवाई के बाद भी दोबारा अवैध खनन शुरू कर दिया गया था। इसकी दोबारा शिकायत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी व खनन अधिकारी से की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालू माफिया द्वारा नियत स्थान पर खनन नहीं करके उससे करीब एक किमी दूर पूरब दिशा में स्थित पौसरा भरवा गांव के पास से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक बालू निकाली जा रही है। इसके चलते गांव में कटान का खतरा पैदा हो गया है। एसडीएम सदर ने बुधवार दोपहर को सीओ सदर व गोसाईगंज पुलिस के साथ पौसरा भरवा गांव में सरयू किनारे छापा मारा। मगर अधिकारी व पुलिस की टीम के पहुंचने की भनक मिल गई और मौके से खनन करा रहे बालू माफिया व उनके सहयोगी दर्जनों ट्रकों के साथ फरार हो गए। मौके पर सिर्फ बालू लदी दो जेसीबी, दो ट्रक व एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मिली, जिसे सीज कर दिया गया है।
17 मार्च को पुलिस के साथ जाकर अवैध खनन रोकवाया गया था। वहां पर पुलिस तैनात की गई थी। वहां पर दोबारा खनन की शिकायत पर बुधवार को फिर छापा मारा गया। बालू माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। अवैध खनन की मापी कराई जा रही है, इसका नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही पट्टा लेकर अवैध खनन करने के मामले में पट्टा निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।-मधुसूदन नागराज हुलगी, उपजिलाधिकारी सदर