तीन लाख से ज्यादा बच्चों को ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य
फैजाबाद। सघन पल्स पोलियो अभियान को लेकर गुरुवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। अभियान 11 मार्च को चलेगा। तीन लाख 33 हजार बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाए जाने के लिए 1271 बूथ बनाए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक मेें बताया गया कि जनपद में लगभग 4,57,000 घरों के 5 वर्ष तक के कुल 3,33,909 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाए जाने का लक्ष्य है। इसके लिए कुल 1271 बूथ (अर्बन क्षेत्र में 114 बूथ) बनाए गए हैं, जो बच्चे बूथ पर पोलियो की दवा पीने से वंचित रह जाएंगे। उन्हें दवा पिलाने के लिए 836 घर-घर भ्रमण टीम (अर्बन क्षेत्र में 110), 57 ट्रांजिट टीम, 35 मोबाइल टीम लगाई गई हैं। सीडीओ ने जनपदवासियाें से अपील की कि रविवार 11 मार्च को अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाएं और दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलाएं।
कहा कि अध्यापकों एवं स्वयंसेवी सगंठनों द्वारा बुलौवा टीम गठित कर अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर लाया जाए। उन्होंने अभियान को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। सभी बूथ स्थलों पर बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग सेे संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी के लिए कहा। कहा कि शिक्षा विभाग और पंचायतों के सहयोग से मध्याह्न भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 10 मार्च को सुबह साढ़े आठ बजे जन जागरूकता-रैली पुलिस लाइंस फैजाबाद परिसर से निकाली जाएगी। बूथ का उद्घाटन 11 मार्च प्रात: सवा आठ बजे पर जिला महिला चिकित्सालय में होगा। बूथ आठ से शाम चार बजे तक और घर-घर भ्रमण नौ शाम चार बजे तक किया जाएगा। अभियान में बीओपीवी वैक्सीन प्रयोग की जाएगी। कहा कि ईंट-भट्ठों पर कोई भी बच्चा छूटने न पाए। बताया कि फरवरी 2007 से अब तक कोई भी पोलियो केस इस जिले में नहीं पाया गया।
बैठक में सीएमओ डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, डब्लूएचओ से एसएमओ डॉ. नीरज सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके देव सहित अन्य विभागों के अफसर मौजूद थे।