वेतन नहीं मिलने से फीकी होगी मदरसा कर्मियों की ईद
- तीन माह से नहीं मिली तनख्वाह
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। ईद में कुछ ही दिन शेष हैं लेकिन मदरसा कर्मियों को तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया है। इससे मदरसा कर्मियों के साथ ही उनके परिवारीजन भी परेशान हैं। जबकि प्रदेश शासन मदरसों के मानकों की जांच करा रहा है। इसकी रिपोर्ट अब तक जिले से शासन को भेजी नहीं जा सकी है।
जिले में अनुदानित मदरसों की संख्या आठ है। इनके कर्मियों को सरकार से वेतन सहित अन्य सुविधाएं मिलती हैं लेकिन पिछले मार्च से कर्मियों को वेतन नहीं मिल पाया है। इसको लेकर मदरसा शिक्षकों से लेकर कर्मी तक परेशान हैं। ईद नजदीक होने के बावजूद वेतन नहीं मिलने से कर्मियों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। परेशान कर्मचारी अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।
बताया गया कि प्रदेश शासन ने मदरसा संचालन के भौतिक मानकों की जांच का आदेश अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में ही दिया था। इसके बाद जिले में डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अयोध्या के साथ ही जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो टीम ने सभी मदरसों की जांच कई दिनों पहले ही पूरी कर ली है लेकिन अफसरों की व्यस्तता रिपोर्ट भेजने में बाधक है। जबकि कर्मचारी ईद को लेकर परेशान हैं। जांच रिपोर्ट अब तक शासन तक नहीं पहुंचने के कारण वहां से वेतन को हरी झंडी नहीं मिल पाई है। ऐसे में इन कर्मियों की ईद फीकी रह सकती है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसके मिश्र का कहना है कि, उनकी कोशिश है कि ईद तक मदरसा कर्मियों को वेतन मिल जाए। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।