रामनगरी के सभी मंदिरों में 14 अगस्त से झूलनोत्सव का श्रीगणेश
अयोध्या। रामनगरी में श्रावण शुक्ल तृतीया पर 14 अगस्त से सभी मंदिरों में झूलनोत्सव का श्रीगणेश हो जाएगा। सावन पर्व को लेकर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। 6 से 9 अगस्त तक प्रशासन की अग्निपरीक्षा होने वाली है।
इन तिथियों में बड़ी संख्या में कांवड़िया अयोध्या उमड़ेंगे। त्रयोदशी 9 अगस्त को बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से कांवड़िया भक्त सरयू जल लेने आएंगे। इनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने पूरी योजना तैयार कर ली है।
सावन मेला 14 अगस्त से शबाब पर होगा। इससे पूर्व 6 से 9 अगस्त तक रामनगरी में कांवरिया श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा। सर्वाधिक भीड़ त्रयोदशी पर्व पर 9 अगस्त को होगी। जब आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, टांडा आदि जिलों से बड़ी संख्या में कांवरिया भक्त अयोध्या सरयू जले लेने पहुंचेंगे।
हालांकि कांवड़ियों का आगमन 6 अगस्त दूसरे सोमवार से शुरू हो जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा खाका तैयार कर लिया है। 6 अगस्त तक बाहरी पुलिस भी मेला क्षेत्र में तैनात कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था का भी खाका खींचा जा चुका है।
चार दिनों तक आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से रामनगरी में यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। मेला सुरक्षा अधिकारी एसपीसिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच व बलरामपुर के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी।
बताया कि हाई-वे पर लखनऊ होकर गोरखपुर जाने वाला मार्ग कावंड़ियों के लिए आरक्षित होगा। एसपीसिटी ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगहबानी ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से होगी। इसके अतिरिक्त आरएएफ, सीआरपीएफ, पीएसी सहित सादे वर्दी में खुफिया कर्मी भी मेला क्षेत्र में पैनी निगाह रखेंगे।
26 अगस्त तक चलने वाले सावन मेले में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के इलाज के लिए प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था की जा रही है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में 17 स्थानों पर अस्थाई प्राथमिक उपचार केंद्र बनाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त श्रीराम अस्पताल, जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल दर्शननगर में एक-एक वार्ड आरक्षित कर दिया गया है। बताया कि मेलाक्षेत्र में हनुमानगढ़ी, अयोध्या रेलवे स्टेशन, कनकभवन, रामजन्मभूमि, तुलसी उद्यान, राम की पैड़ी, नागेश्वरनाथ, अयोध्या घाट, पक्का घाट, कंट्रोल रूम, हनुमान गुफा, रामघाट हाल्ट व साकेत पेट्रोल पंप पर अस्थाई उपचार केंद्र बनाए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार केंद्रों पर दवाओं का पर्याप्त स्टॉक होगा। इसके अतिरिक्त 10 स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था होगी।