निजी बस से टकराई एसयूवी, 14 घायल
फैजाबाद। बहराइच से प्रतापगढ़ जा रही एसयूवी सड़क के किनारे खड़ी निजी बस से टकरा गई। दुर्घटना में कार व बस में सवार 14 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने घायलों को सीएचसी बीकापुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर 9 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में एसडीएम रविशंकर श्रीवास्तव व सीओ रुचि गुप्ता ने भी पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल लिया और चिकित्सकों की टीम से त्वरित उपचार करने को कहा। बस चालक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ बस में पीछे से टक्कर मारने का मामला दर्ज किया है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 10.15 बजे कोतवाली क्षेत्र के चौरे बाजार में हैदरगंज मोड़ के पास इलाहाबाद हाईवे पर हुआ। प्रतापगढ़ जनपद के मंडली जगदीशपुर थाना रानीगंज निवासी करीब 12 लोग बहराइच में गाजी बाबा की मजार का दर्शन कर मंगलवार सुबह घर लौट रहे थे । रास्ते में चौरे बाजार में खड़ी निजी बस से एसयूवी टकरा जाने से घायल हो गए। निजी बस भी बुकिंग में यात्रियों को बहराइच दर्शन कराने के लिए गई थी। वहां से वापस लौटते समय चौरे बाजार में बस खड़ी करके कुछ यात्रियों को उतारा जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। सड़क दुर्घटना में कार सवार मोनिका सोनी, कमला ,आंचल ,अंशुल , परी सोनी ,संतोष सोनी , पवन सोनी, शांति देवी , राजीव कुमार, शुभम, अशोक सोनी सभी निवासी जगदीशपुर थाना रानीगंज जनपद अमेठी इसके अलावा निजी बस में सवार मंजू देवी बातीपुर थरिया कला थाना हैदरगंज] गुलपसा, फातिमादोनों निवासी नया नगर सुल्तानपुर शहर घायल हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक आर के राणा ने बताया कि निजी बस चालक राजेश कुमार मिश्र की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। जबकि कार सवार लोगों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।