थानाध्यक्ष के लाइन हाजिर होने के बाद शांत हुए आक्रोशित ग्रामीण
फैजाबाद। कुमारगंज थाना क्षेत्र के पालपुर गांव में 40 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या के मुकदमे में युवक के पुत्र की तहरीर को दरकिनार कर कुमारगंज थानाध्यक्ष द्वारा मनचाही तहरीर लिखवा कर मात्र एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूटा। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने कुमारगंज थाने का घेराव किया। थानाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आक्रोशित ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन की सूचना पर विधायक बाबा गोरखनाथ व क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर अजय कुमार राय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कुमारगंज थाना क्षेत्र के देवगांव चौकी अंतर्गत पालपुर तुलसमपुर निवासी 40 वर्षीय जय कुमार तिवारी की 25 अप्रैल की रात उसके ही दोस्त ने अपने घर बुलाकर कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी थी और शव के टुकड़ों को बोरे में भरकर मृतक के दरवाजे पर ही फेंक दिया गया था।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र विकास तिवारी ने मामले में मुकदमा कायम किए जाने के संबंध में तहरीर दी थी। मृतक के बेटे विकास का आरोप है कि थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने उसकी तहरीर को दरकिनार कर मनचाही तहरीर लिखवा ली और मामले में मात्र उसके पिता के दोस्त ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ लल्ला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसका मृतक के परिवारीजनों एवं ग्रामीणों ने घटना के दिन से ही विरोध शुरू कर दिया था और ग्रामीणों का कहना था कि 40 वर्षीय युवक की हत्या मात्र अकेले एक व्यक्ति नहीं कर सकता हत्या में और कई लोग शामिल रहे।
मृतक के परिवारीजनों द्वारा बार-बार मांग किए जाने के बावजूद भी कुमारगंज पुलिस ने मामले में कार्यवाही करना मुनासिब नहीं समझा उल्टे मुकदमे में गवाह बनाए गए सुनीत कुमार एवं शिवकुमार को हिरासत में लेकर पिटाई शुरू कर दी। इस बात की जानकारी पाकर रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कुमारगंज थाना परिसर पहुंच कर धरने पर बैठ गए तथा थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। थाने में बवाल होने की जानकारी पाकर क्षेत्राधिकारी अजय कुमार राय इनायत नगर थानाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा के साथ कुमारगंज थाना पहुंच गए और आक्रोशित ग्रामीणों की मान-मनौव्वल में जुट गए।
थाना परिसर में मृतक के परिवारीजनों एवं ग्रामीणों के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही मिल्कीपुर भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को मामले में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उग्र ग्रामीणों को शांत कराते हुए भाजपा विधायक ने बताया कि उक्त हत्याकांड की विवेचना थाने से क्राइम ब्रांच ट्रांसफर कर दी गई है। उधर, कुमारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है। भाजपा विधायक द्वारा मामले में कराई गई कार्यवाही की बात सुन नाराज तथा उग्र ग्रामीण शांत हुए और अपने घरों को वापस लौटे।