अब्बू! बचा लो, मेरा अपहरण कर जंगल में उठा लाए
फैजाबाद। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भरतकुंड इलाके से शनिवार दोपहर रहस्यमय ढंग से लापता हुई गांव की किशोरी ने रविवार सुबह परिवारीजनों को मोबाइल पर फोन कर बोली, अब्बू मुझे बचा लो, मेरा अपहरण कर कुछ लोग जंगल में उठा लाए हैं, कौन सी जगह है पता नहीं। फोन आते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित किशोरी के पिता ने घटना की तहरीर पूराकलंदर पुलिस को दी है। पुलिस ने अपहरण की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर फोन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
भरतकुंड इलाके के एक गांव की किशोरी शनिवार देर शाम रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिवारीजनों ने रात भर खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। रविवार सुबह करीब 10 बजे किशोरी अपने अब्बू के पास फोन करके अपने अपहरण की बात बताई। बेटी के फोन के बाद पिता ने रविवार सुबह समूचे घटनाक्रम की पूराकलंदर पुलिस को जानकारी देकर तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि उनकी बेटी शनिवार देर शाम शौच को निकली थी, उसी दौरान कुछ युवक उसका अपहरण कर किसी जंगल में उठा ले गए। जहां से मौका पाकर किशोरी ने मोबाइल पर फोन कर अब्बू से जंगल में उठाकर लाने और जान बचाने की गुहार लगाई। पूराकलंदर थाना प्रभारी वीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। फोन नंबर के आधार पर आगे जांच की जा रही है।