कार्य परिषद की बैठक में निर्णय
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित की अध्यक्षता में गुरुवार को कार्य परिषद की बैठक हुई। इसमें विद्या परिषद एवं वित्त समिति की संस्तुतियों का अनुमोदन किया गया।
पर्यावरण विज्ञान, माइक्रो बायोलॉजी तथा बायो केमिस्ट्री डिपार्टमेंट के 10 शिक्षकों को प्रोन्नति प्रदान की गई। माइक्रो बायोलॉजी विभाग के डॉ. राजीव गौड़ तथा पर्यावरण विज्ञान विभाग के डॉ. जसवंत सिंह को प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति मिली।
वहीं, पर्यावरण विज्ञान विभाग के डॉ. सिद्धार्थ शुक्ल एवं बायो केमिस्ट्री विभाग के डॉ. फारूख जमाल को रीडर पद पर तथा माइक्रो बायोलॉजी विभाग के डॉ. शैलेंद्र कुमार एवं डॉ. विनायक राम त्रिपाठी, बायो केमिस्ट्री विभाग की डॉ. वंदना रंजन को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति मिली।
बायो केमिस्ट्री विभाग की डॉ. नीलम यादव व डॉ. संग्राम सिंह तथा माइक्रो बायोलॉजी विभाग की डॉ. तुहिना वर्मा को असिस्टेंट प्रोफेसर ग्रेड-2 एवं ग्रेड-3 पद पर प्रोन्नति मिली। बैठक में इस वर्ष 332 महाविद्यालयों द्वारा विभिन्न विषयोें के लिए किए गए संबद्धता आवेदन के संदर्भ में भी अनुमोदन किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रवेश समिति की संस्तुतियों का भी अनुमोदन कार्य परिषद ने किया। डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ. दिवाकर त्रिपाठी, डॉ. राना रोहित सिंह एवं डॉ. आशीष पांडेय द्वारा योजित याचिका में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में कार्य परिषद ने यूजीसी की 10वीं पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत सृृजित शैक्षिक पदों पर पुन: सेवा में लेने का निर्णय लिया।
परिसर के आईईटी संस्थान में कंप्यूटर साइंस ब्रांच में अवधेश कुमार यादव को कार्य परिषद की पूर्व बैठक के निर्णय के अनुसार प्रवक्ता (संविदा) पद पर नियुक्ति प्रदान की। कार्य परिषद ने विवि के वाणिज्य संकाय के अंतर्गत आगामी सत्र से एमबीए-एग्री बिजनेस, एमबीए-फायनेंस एंड कंट्रोल तथा एमकॉम विषयों को स्ववित्त पोषित योजनांतर्गत संचालित करने का भी निर्णय लिया।